बलरामपुर : नदी की तेज धार में फंसा युवक, दो घंटे के रेस्क्यू के बाद सुरक्षित बाहर निकाला…
नदी की तेज धार में फंसा युवक, दो घंटे के रेस्क्यू के बाद सुरक्षित बाहर निकाला….
बलरामपुर/रामानुजगंज,
रविवार शाम करीब 7 बजे ग्राम पुरानडीह निवासी 30 वर्षीय मनोज मांझी रामानुजगंज आने के दौरान नदी के बीचों-बीच फंस गया। अंधेरा होने और नदी में पानी की तेज आवाज के कारण उसकी मदद की पुकार काफी कम सुनाई दे रही थी। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने युवक की आवाज सुनी और तत्काल इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक को दी गई।
सूचना मिलते ही रामानुजगंज थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और युवक को सुरक्षित निकालने के लिए तत्काल रेस्क्यू की व्यवस्था शुरू की गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रमन अग्रवाल ने दयाल विश्वास एवं उनकी टीम से संपर्क कर मदद के लिए मौके पर पहुंचने का आग्रह किया।
कुछ ही देर में दयाल विश्वास के नेतृत्व में उनकी टीम घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद एएसआई राधेश्याम विश्वकर्मा, संजू तिवारी सहित रेस्क्यू टीम के सदस्यों ने साहस का परिचय देते हुए नदी की तेज धार को पार कर युवक तक पहुंचने का प्रयास किया। करीब दो घंटे तक चले जोखिम भरे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मनोज मांझी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
युवक के सुरक्षित बाहर आने के बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने रेस्क्यू में साहस और तत्परता दिखाने वाली दयाल विश्वास एवं उनकी टीम को ₹5,000 तथा पुलिस प्रशासन को भी ₹5,000 की राशि इनाम स्वरूप प्रदान की।
समय रहते सूचना मिलने और पुलिस प्रशासन, नगर पालिका तथा स्थानीय रेस्क्यू टीम के समन्वित प्रयास से युवक की जान बचाई जा सकी। इस दौरान रेस्क्यू टीम के सदस्यों ने तेज बहाव और अंधेरे के बीच जिस साहस का परिचय दिया, उसकी मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की।