Skip to main content

स्वास्थ्यछत्तीसगढ़बलरामपुररामानुजगंज

बलरामपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र अधौरा में बच्चों को बांटे खिलौने….

सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र अधौरा में बच्चों को बांटे खिलौने,

सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र अधौरा में बच्चों को बांटे खिलौने,

सीएमएचओ डॉ. विजय कुमार सिंह ने बच्चों से किया आत्मीय संवाद, स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की ली जानकारी

बलरामपुर-रामानुजगंज,

जिले में सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां लगातार आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में विकासखंड बलरामपुर के ग्राम अधौरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह पहुंचे। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में उपस्थित बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें खिलौने प्रदान कर उनके साथ खुशियां साझा कीं।

इस दौरान डॉ. विजय कुमार सिंह ने बच्चों की गतिविधियों का अवलोकन किया तथा उनके साथ सहज एवं आत्मीय वातावरण में बातचीत की। खिलौने मिलने पर बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह दिखाई दिया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के लिए स्वस्थ, प्रसन्न एवं सकारात्मक वातावरण तैयार करने के साथ उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना है।

सीएमएचओ ने कहा कि बचपन जीवन की सबसे महत्वपूर्ण अवस्था है। इस दौरान बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, मानसिक विकास और सीखने की क्षमता पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के प्रारंभिक विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं, जहां पोषण, स्वास्थ्य देखभाल, प्रारंभिक शिक्षा और आवश्यक देखरेख से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। खेल एवं मनोरंजन की सामग्री बच्चों की रचनात्मकता, सीखने की क्षमता तथा सामाजिक व्यवहार के विकास में भी सहायक होती है।

उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं संबंधित कर्मचारियों से केंद्र में बच्चों के पोषण, स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर निरंतर निगरानी रखने तथा शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

सेवा संकल्प अभियान 2026 के माध्यम से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ स्वास्थ्य जागरूकता, जनभागीदारी और सेवा भावना को मजबूत करने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार, जागरूकता, रक्तदान सहित विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों के साथ बच्चों एवं परिवारों से जुड़ी गतिविधियों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

आंगनबाड़ी केंद्र अधौरा में आयोजित यह गतिविधि सेवा, संवेदना और सामाजिक सहभागिता का संदेश देने वाली रही। बच्चों को खिलौने प्रदान करने की पहल उनके चेहरे पर मुस्कान लाने के साथ ही उनके स्वस्थ एवं खुशहाल बचपन के प्रति स्वास्थ्य विभाग की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से सेवा संकल्प अभियान 2026 में अधिक से अधिक सहभागिता कर स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *