बलरामपुर : राजपुर में पिकअप वाहनों पर परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई…
राजपुर में पिकअप वाहनों पर परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई…
बलरामपुर,
हाल ही में पिकअप वाहन में अवैध रूप से यात्रियों के परिवहन के दौरान सेवारी में हुई दुर्घटना के बाद परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से वाहनों की जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान एक पिकअप वाहन को अवैध यात्री परिवहन करते पाए जाने पर थाना राजपुर में जब्त किया गया।
संयुक्त जांच के दौरान पिकअप वाहनों में लगे चाइनीज लाइट एवं प्रेशर हॉर्न भी जब्त किए गए। वहीं वाहनों के दस्तावेजों की जांच में कमियां पाए जाने पर तीन वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में कुल 7,000 रुपये का समझौता शुल्क वसूल किया गया।
इसके अलावा परिवहन एवं पुलिस विभाग की टीम ने सेवारी में हुए हादसे के घटनास्थल का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों और मौके की परिस्थितियों का जायजा लेते हुए यात्री परिवहन में नियमों के पालन को लेकर सख्ती बरतने के निर्देश दिए।
कार्रवाई के दौरान जिला परिवहन अधिकारी बलरामपुर यशवंत यादव, परिवहन उपनिरीक्षक ए.टी.द्विवेदी, थाना प्रभारी राजपुर भारद्वाज सिंह, परिवहन उड़नदस्ता एवं पुलिस विभाग की टीम सक्रिय रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पिकअप वाहनों में अवैध यात्री परिवहन सहित यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी संयुक्त जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।