Skip to main content

शिक्षाछत्तीसगढ़धार्मिकबलरामपुररामानुजगंज

बलरामपुर : उल्लास कार्यक्रम के तहत दीपावली की पूर्व संध्या पर जिलेभर में जलेगा ‘एक दीप साक्षरता का’,

उल्लास कार्यक्रम के तहत दीपावली की पूर्व संध्या पर जिलेभर में जलेगा ‘एक दीप साक्षरता का’,

बलरामपुर,

उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत दीपावली की पूर्व संध्या पर जिले में ‘एक दीप साक्षरता का’ जनजागरूकता अभियान आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियाँ कलेक्टर व जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी तथा प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ.आशुतोष चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की जा रही हैं।

छत्तीसगढ़ शासन ने वर्ष 2026-27 तक राज्य को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने का लक्ष्य रखा है। अशिक्षित वयस्कों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए दीपावली की पूर्व संध्या पर शाम 6.30 से 7.30 बजे तक पूरे प्रदेश में साक्षरता का दीप जलाने का संकल्प लिया गया है। सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से इसमें सहभागिता का आह्वान किया गया है।

कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि साक्षरता केवल अक्षर ज्ञान नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और जागरूक समाज की नींव है। दीपावली अंधकार पर प्रकाश की विजय का पर्व है और इस अवसर पर हम अशिक्षा का अंधकार दूर करने का संकल्प ले रहे हैं। उन्होंने जिलेवासियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों-कर्मचारियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपने आसपास के कम से कम एक असाक्षर व्यक्ति को पढ़ना-लिखना सिखाने का प्रण लेने की अपील की, ताकि प्रदेश को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने का लक्ष्य शीघ्र पूरा हो सके।

इस क्रम में जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मिशन समन्वयक, बीईओ, बीआरसी, एबीईओ, सीएसी, हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों तथा ग्राम व वार्ड प्रभारियों के लिए यू-ट्यूब पर वेबिनार आयोजित किया जाएगा। निर्धारित संध्या पर शासकीय विद्यालयों, छात्रावासों, विकासखंड कार्यालयों और सभी साक्षरता केंद्रों में दीप प्रज्ज्वलन के साथ शपथ ली जाएगी। इसकी तस्वीरें और वीडियो #ULLAS Dipaeali एवं #Sakshar Chhattisgarh हैशटैग के साथ प्रसारित किए जाएंगे।

संकुल समन्वयक और ग्राम/वार्ड प्रभारी शिक्षकों एवं स्वयंसेवी शिक्षकों के सहयोग से उल्लास ऐप पर पंजीकृत स्वयंसेवी शिक्षकों और असाक्षरों के बीच शिक्षा के महत्व को रेखांकित करेंगे। जिला परियोजना अधिकारी इस दिशा में ठोस पहल कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *