बलरामपुर : पुलिस लाइन बलरामपुर में नवरात्र एवं दशहरा महोत्सव का आयोजन, सप्तमी पर होगा सुंदरकांड पाठ….
पुलिस लाइन बलरामपुर में नवरात्र एवं दशहरा महोत्सव का आयोजन, सप्तमी पर होगा सुंदरकांड पाठ…
पुलिस परिवार के साथ आमजन भी ले रहे बढ़-चढ़कर हिस्सा, पवन पुत्र मानस मंडली अंबिकापुर द्वारा किया जाएगा सुंदरकांड का पाठ…
बलरामपुर,
पुलिस लाइन बलरामपुर स्थित मंदिर समिति द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी नवरात्र एवं दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 11 से 20 अक्टूबर तक आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में पुलिस परिवार के सदस्यों के साथ-साथ आम नागरिक भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहे हैं। नवरात्र के अवसर पर मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है तथा श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।

इसी क्रम में नवरात्र के सप्तमी दिवस, 17 अक्टूबर 2026 को शाम 6 बजे से पवन पुत्र मानस मंडली, अंबिकापुर द्वारा श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं के शामिल होने की अपेक्षा है। सुंदरकांड पाठ के माध्यम से भक्त भगवान श्रीराम एवं पवनपुत्र हनुमान की आराधना करेंगे।
2015 में रखी गई थी मंदिर निर्माण की आधारशिला,
पुलिस लाइन परिसर स्थित मंदिर का विशेष धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व है। यहां भगवान शिव परिवार, बजरंगबली एवं माता रानी का भव्य मंदिर स्थापित है। मंदिर निर्माण की आधारशिला वर्ष 2015 में नवरात्र के प्रथम दिवस रखी गई थी। उस समय रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन ने अपनी प्रशिक्षु अवधि के दौरान मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी थी।
तब से मंदिर परिसर पुलिस परिवार सहित क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। प्रत्येक वर्ष नवरात्र एवं दशहरा के अवसर पर यहां धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें पुलिस परिवार के साथ आम नागरिक भी उत्साहपूर्वक शामिल होते हैं।
इस वर्ष भी मंदिर समिति द्वारा नवरात्र एवं दशहरा महोत्सव को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ पुलिस परिवार और आम नागरिकों के बीच सामाजिक एवं आध्यात्मिक जुड़ाव को मजबूत करना है।